छुटमलपुर (सहारनपुर)। बुधवार रात देहरादून हाईवे पर मोहंड में तेज रफ्तार कार एक दुकान में जा घुसी। इसकी चपेट में आने से चार किशोर घायल हो गए। इनमें से एक की उपचार के दौरान देहरादून अस्पताल में मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को सौंपने की मांग को लेकर पुलिस चौकी पर हंगामा भी किया। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कर चालक को हिरासत में लेते हुए थाने भिजवाया।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार की रात 9:30 बजे छुटमलपुर की तरफ से आई एक वैगन आर कार मोहंड में एक चाय की दुकान में जा घुसी। कार की टक्कर से चाय की दुकान पर बैठे दानिश 16 पुत्र जहांगीर, साकिर पुत्र इसरार, समीर एवं इसरार घायल हो गए। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने घायलों को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जबकि कार चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया। फतेहपुर अस्पताल से हालत गंभीर होने पर दानिश को देहरादून और साकिर को मेरठ रेफर कर दिया गया। बाकी दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। देहरादून अस्पताल में उपचार के दौरान दानिश की मौत हो गई। दानिश की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराए बिना बेहद गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।
उधर हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को सौंपने की मांग को लेकर रात में ही पुलिस चौकी पर हंगामा किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद ग्रामीण लौट गए। थाना अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात के गांव देवला निवासी कार चालक को हिरासत में लिया गया है। अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।