सहारनपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त दरोगा से मकान दिलाने के नाम पर 34 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शादी के नाम पर भी छह लाख रुपये वसूले गए। पीड़ित का आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी दंपती धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना जनकपुरी की नंद वाटिका कॉलोनी निवासी राजबीर सिंह ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर बताया कि वह वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश पुलिस से निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्त के बाद मिले 28 लाख रुपये से उन्होंने मिशन कंपाउंड क्षेत्र में मकान खरीदने की योजना बनाई थी। उन्होंने रितेश गर्ग से 50 लाख रुपये में मकान खरीदने का सौदा तय किया। पीड़ित राजबीर सिंह ने 25 अगस्त 2014 को 10 लाख, 10 अक्तूबर 2014 को आठ लाख रुपये रितेश गर्ग के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद वर्ष 2016 में रितेश गर्ग ने और 10 लाख रुपये की मांग की, जो पीड़ित राजबीर सिंह ने देवराज सिंह के समक्ष नकद में दे दिए। रितेश ने इसके बदले बैंक ऑफ बड़ौदा का चेक दिया, लेकिन न तो मकान मिला और न ही रुपये वापस हुए। इतना ही नहीं, फरवरी 2025 में रितेश गर्ग के बेटे की शादी के दौरान उनकी पत्नी गीता गर्ग ने कहा कि शादी में छह लाख रुपये की कमी है, जिससे समाज में बेइज्जती हो जाएगी। पीड़ित ने यह रकम भी सतपाल सिंह व करम सिंह के सामने दे दी। आरोप है कि शादी के बाद रुपये मांगने पर रितेश व उनकी पत्नी गीता ने उन्हें गालियां दीं। रुपये वापस नहीं करने की धमकी दी। अब पुलिस ने रितेश गर्ग व उनकी पत्नी गीता गर्ग के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।