छुटमलपुर। मोबाइल टावर पर बीस दिन पहले हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने फतेहपुर थाने पहुंचे सेवानिवृत सीओ के साथ अभद्रता की गई। उनका कालर पकड़ कर धक्का देते हुए थाने के गेट से बाहर कर दिया गया। हालांकि बाद में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
कोली कॉलोनी गंगा नगर मेरठ निवासी सुरेशबीर सिंह ने बताया कि वह पुलिस विभाग से सीओ पद से सेवानिवृत हैं। वर्तमान में एक सिक्योरिटी कंपनी में पश्चिमी यूपी के मोबाइल टावरों की सुरक्षा का जिम्मा उन पर हैं।
दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि 22 मार्च की रात बढेड़ी घोघु स्थित मोबाइल टावर से बैटरी के 24 सेल चोरी हो गए थे। इसकी सूचना उनके सुपरवाइजर द्वारा चमारीखेड़ा चौकी पर दी गई थी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
इस पर वह दस अप्रैल को फतेहपुर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे थे। वहां उनके द्वारा अपना परिचय देते हुए डयूटी आफिसर से रिपोर्ट दर्ज करने का आग्रह किया गया। आरोप है कि उनके साथ अभद्रता करते हुए कालर पकड़ कर धक्के देकर थाने के गेट पर छोड़ दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी के नाम प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उधर थाना पुलिस ने बताया कि अभद्रता के आरोप निराधार हैं।