सहारनपुर। सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र में जीपीओ रोड पर पोस्ट आफिस के नजदीक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें बीमारी के चलते मानसिक तनाव में आत्महत्या करने की बात कही है।
शहर के मोहल्ला न्यू नवीननगर निवासी सुरेश राव (65) को-ऑपरेटिव बैंक से सेवानिवृत्त थे। रविवार सुबह पौने चार बजे सुरेश कुमार टहलने की बात कहकर घर से निकल गए। इसके बाद उन्होंने जीपीओ रोड पर डाकघर के नजदीक एक गली में पड़ी बेंच पर बैठ कर तमंचे से खुद की कनपटी पर गोली मार ली। सूचना पर चौकी कैंप और कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक सुरेश की मौत हो चुकी थी। सुरेश के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें लिखा था कि वह बीमारी की वजह से मानसिक तनाव में है। इसी के चलते आत्महत्या कर रहा है, जिसका जिम्मेदार वह स्वयं है। सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।