नकुड़ (सहारनपुर)। किसानों द्वारा तहसील क्षेत्र में पराली जलाने के चार मामले सामने आए हैं। एसडीएम ने तीन किसानों के विरुद्ध पराली जलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि एक किसान से मौके पर ही ढाई हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एसडीएम ने चेतावनी दी कि यदि आगे से किसी किसान द्वारा पराली जलाने का मामला सामने आया तो संबंधित ग्राम सेकेटरी, लेखपाल व बीट कांस्टेबल के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को एसडीएम पीएस राणा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार की गई जांच में अभी तक तहसील क्षेत्र में चार किसानों द्वारा पराली जलाने के मामले सामने आए है। गंगोह के मोहल्ला छत्ता निवासी किसान मुकेश व अनिल द्वारा करीब एक हेक्टेयर धान की पराली जलाने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच कराई गई तो मामला सही पाया गया। जिसके बाद उक्त किसानों के विरुद्ध गंगोह थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा अंबेहटा निवासी किसान के विरुद्ध करीब दो एकड़ खेत की पराली जलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जबकि नकुड़ निवासी किसान जसवंत सिंह द्वारा करीब एक एकड़ की पराली जलाने की सूचना मिलने पर उक्त किसान से ढाई हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एसडीएम ने इस संबंध में ग्राम प्रधानों की बैठक लेते हुए गांव में पराली जलाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगे से किसी किसान द्वारा पराली जलाने का मामला सामने आया तो आरोपी किसान सहित संबंधित ग्राम सेकेटरी, हल्का लेखपाल व बीट कांस्टेबल के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर सभी किसानों से पराली नहीं जलाये जाने की अपील की है।