सहारनपुर। रेलवे कॉलोनी में दवा कारोबारी से मारपीट और गोली मारने के मामले में कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस को जांच में घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
शारदानगर निवासी दवा कारोबारी रमन पुत्र सतबीर को बृहस्पतिवार की शाम साढ़े चार बजे रेलवे कॉलोनी में गोली मार दी गई थी। रमन ने बताया था कि उसके दोस्त का दो दिन पहले बाइक निकालने को लेकर रेलवे स्टेशन के पास झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के समझौते के लिए दो आरोपियों ने उन्हें रेलवे कॉलोनी में बुलाया था। इसके बाद मौके पर आरोपियों चार साथी और पहुंच गए थे, जिन्होंने रमन पर लाठी-डंडों से हमला करने के बाद तमंचे से गोली चला दी थी, जो दवा कारोबारी के सीने को रगड़ मारती निकल गई थी। दवा कारोबारी ने खुद ही जिला अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि दवा कारोबारी की तहरीर पर घनश्याम और प्रणव सहित चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी बंद पड़े मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों के घर के पते की भी जानकारी जुटाई जा रही है।