कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और बार बार दुर्घटना करने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जाएं।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि नियम सबके लिए समान है। चाहे वो रोडवेज बस चालक हो या फिर निजी वाहन चालक, ट्रैफिक नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों को भी निर्देश दिए कि स्कूल बसों के चलने से पहले उनका तकनीकी परीक्षण अवश्य करा लें। बिना फिटनेस स्कूल बसों को चलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। डीएम ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी ढाबे के सामने गाड़ी पार्क नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित ढाबा मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने जनपद में ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित करने, ई-रिक्शा के रूट निर्धारण करने और पार्किंग के लिए भूमि की व्यवस्था करने आदि के निर्देश भी दिए। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने बताया कि एक अप्रैल से 28 अक्तूबर तक सीट बेल्ट नहीं बांधने पर 315, हेलमेट नहीं लगाने पर 2680, ओवरलोड पर 646, ओवर स्पीड पर 298 लोगों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार, एआरएम रोडवेज जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।