सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में संचालित स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी अब 11 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं। यह अभ्यर्थियों के पास अंतिम मौका होगा।
पंजीकरण की प्रक्रिया 12 मई को शुरू की गई थी। उसके बाद कई बार तारीख बढ़ाई गई। आठ जुलाई को पहली मेरिट जारी करने के साथ ही नौ जुलाई से प्रवेश शुरू कर दिए गए थे। रिक्त सीटों को देखते हुए और समर्थ पोर्टल के बंद होने के चलते विश्वविद्यालय को पंजीकरण की तारीख कई बार बढ़ानी पड़ी। अब विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों (एमएड, एलएलएम, बीपीईएस, बीएससी-पीएचईएस, एमपीएड, बीपीएड, मास्टर ऑफ लॉ) को छोड़कर अन्य सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की तारीख 11 अगस्त तक बढ़ा दी है।
विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. संजय गुप्ता ने बताया कि सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया के तहत एक अगस्त को नए ऑनलाइन प्रवेश पंजीकरण और पूर्व पंजीकरण के लिए करेक्शन विंडो खोल दी गई है। उन्होंने बताया कि पुराने पंजीकरण में संशोधन या नए पंजीकरण के लिए 11 अगस्त अंतिम तारीख तय की गई है। इसके बाद तारीख नहीं बढ़ाई जाएगी।