सहारनपुर। जिले में यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने संभागीय परिवहन विभाग को 21,500 वाहनों की सूची भेजी है, जिन पर पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं। इन वाहनों का पंजीकरण निलंबित किया जाएगा।
इस सूची में 15 हजार से अधिक दोपहिया वाहन शामिल हैं। संभागीय परिवहन विभाग अब इन वाहन मालिकों को नोटिस जारी करेगा। यह कार्रवाई जुलाई 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित है। यातायात पुलिस के अनुसार कई वाहन चालकों के 15 से 20 तक चालान हैं। इसके बावजूद वे जुर्माना जमा नहीं कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, केवल 50 से 55 फीसदी वाहन मालिक ही चालान की राशि जमा करते हैं। यातायात पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग हर महीने चालान करते हैं। इसके बावजूद वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऑनलाइन चालान होने के बाद भी वाहन मालिक राशि जमा करने में लापरवाही बरतते हैं। उल्लंघनों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना शामिल है। चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट न लगाना और रेड लाइट पर न रुकना भी इनमें शामिल है।
-
-पंजीकरण निलंबन के बाद नहीं होगा कोई काम
पंजीकरण निलंबन के बाद वाहन कबाड़ हो जाएगा। वाहन को नहीं चला सकेंगे। पकड़े जाने पर जुर्माना और जब्त की कार्रवाई होगी। इसके साथ ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लग सकेगी। निलंबित पंजीकरण वाले वाहन का बीमा मान्य नहीं होगा। हादसा होने पर बीमा कंपनी मुआवजा या क्लेम देने से मना कर देगी। वाहन को ट्रांसफर नहीं करा सकेंगे। प्रदूषण सर्टिफिकेट जारी नहीं होगा।
-
वर्जन
पांच या पांच से अधिक चालान कटने पर वाहन का पंजीकरण निलंबित करने के लिए रिपोर्ट भेजे जाने का नियम है। 21,500 वाहनों की रिपोर्ट बनाकर आरटीओ कार्यालय भेजी गई है। इनके पंजीकरण निलंबित करने के लिए कहा गया है। इन वाहनों पर कार्रवाई के बाद अन्य की भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
-शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक यातायात