Saharanpur News: निहालखेड़ी गांव में कमरे में रीना का शव बिस्तर पर पड़ा मिला था। पुलिस ने जांच की तो देवर रवि और उसके दो भांजों अंकित व अंकुर का नाम सामने आया। तीनों का गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
देवबंद स्थित निहालखेड़ी गांव में रीना (38) की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। संपत्ति हड़पने की नीयत से रीना की हत्या उसके देवर ने दो भांजों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
निहालखेड़ी निवासी रीना अपने मकान में अकेली रहती थी। उसके पति अर्जुन की चार साल पहले मौत हो गई थी। करीब चार माह पहले बेटे सूर्य की भी मौत हो गई थी। बेटी को ननद के घर छोड़ रखा था। 10 जुलाई की रात रीना की उसके कमरे में ही हत्या कर दी गई थी। पुलिस का शक तभी से उसके ससुरालियों पर था।
यह हुआ खुलासा
बुधवार को पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस कर एसपी मयंक पाठक ने मामले का खुलासा किया। बताया कि रीना की हत्या में उसके देवर रवि और उसके थाना गागलहेड़ी के कोटड़ापुर गांव निवासी भांजे अंकित व अंकुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी रवि ने बताया कि उसके भाई अर्जुन की मृत्यु के बाद उसके हिस्से की संपत्ति अर्जुन के बेटे सूर्य के नाम हो गई थी। करीब चार माह पहले सूर्य की भी मौत हो गई।
रीना अब अपनी बेटी अवनी को ननद के यहां से लेकर आना चाहती थी। इसके साथ ही मकान और प्लॉट बेचने की तैयारी कर रही थी। आरोपी ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन विवाद बढ़ने पर रीना ने उसे गाली दे दी। तब मुख्य आरोपी रवि के मन में संपत्ति अपने नाम कराने के लिए रीना की हत्या की साजिश रचने का विचार आया।
पारिवारिक कार्यक्रम में रची हत्या की साजिश
आरोपी ने सात जुलाई को एक पारिवारिक कार्यक्रम में अपने दोनों भांजे अंकित और अंकुर को लालच देकर हत्या की साजिश में शामिल किया। दस जुलाई की रात तीनों आरोपी निहालखेड़ी पहुंचे और मृतका के सो जाने का इंतजार किया। घर का दरवाजा खुला होने की जानकारी पहले से होने के कारण वह आसानी से अंदर घुस गए।
इसके बाद आरोपियों ने सो रही रीना को दबोच लिया। दोनों साथियों ने लोहे की रॉड से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों वहां से भाग गए। रीना की हत्या के बाद अगले दिन जब पुलिस पहुंची, तब आरोपी रवि भी वहीं पर था और पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया। जांच में आया कि आरोपी रवि के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।