सहारनपुर। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर जनपद की सभी 884 ग्राम पंचायतों में बैठक और चौपालों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी एलईडी पर ग्रामीणों ने सुुना। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों की ओर से आए 2096 समस्याओं के प्रार्थना पत्रों में 1953 का निस्तारण किया गया।
रविवार को आयोजित चौपालों में प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री जसवंत सैनी, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, सीडीओ विजय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, विधायक मुकेश चौधरी और देवेंद्र निम शामिल हुए। सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर सभी ग्राम पंचायतों में एलईडी लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी ग्रामीणों ने सुनाया गया। इसके साथ ग्रामीण इलाके स्वच्छ, हरा भरा, गरीबी मुक्त, सुरक्षित और अच्छा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम चौपालों में विभिन्न ग्रामीणों की समस्याओं से संबंधित 2096 प्रार्थना पत्र आए। इनमें से 1953 का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों ने निस्तारण कराया।
सीडीओ और डीपीआरओ ने की सफाई
पंचायती राज दिवस पर सीडीओ विजय कुमार और जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने ग्राम पंचायत नागल में स्वच्छता अभियान के तहत झाडू लगाकर लोगों को प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त अवैध कब्जे से मुक्त की गई 12 बीघा भूमि का निरीक्षण किया।