ध्याना गुर्जर की निशानदेही पर हुई बरामदगी
सहारनपुर। अहमद बाग में पेंट कारोबारी पृथ्वी पाल सिंह के घर डकैती के मामले में पुलिस ने शातिर ध्याना गुर्जर को रिमांड पर लेकर लूटे गए जेवरात, विदेशी मुद्रा और 40 हजार की नकदी बरामद की। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
गत माह तीन अप्रैल को अहमद बाग निवासी पेंट कारोबारी पृथ्वीपाल सिंह के घर डकैती पड़ी थी। वारदात के अगले दिन पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही पुलिस ने खुलासा किया था कि ध्याना गुर्जर निवासी ग्राम कथना थाना एचौड़ा कम्बोह जनपद संभल ने गिरोह के साथ वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में ध्याना गुर्जर वांछित चल रहा था। ध्याना गुर्जर ने लूट के एक मामले में मुरादाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि ध्याना गुर्जर को न्यायालय से दो दिन की रिमांड पर लिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर डकैती से संबंधित चांदी के पांच छल्ले, अमेरिकी डालर और सिंगापुर की करेंसी, 40 हजार की नकदी, दो ग्लास और दो कटोरी बरामद की हैं। रिमांड का समय पूरा होने पर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर सहारनपुर जिला कारागार भेज दिया।