अखिल भारतीय शिशु समिति के तत्वावधान में आयोजित विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में श्री रामबाग सरस्वती विद्या मंदिर के प्रतिभागियों का दबदबा कायम रहा। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 पदक अर्जित किए। विद्यालय के कुल 26 प्रतियोगियों में से 15 ने शानदार प्रदर्शन किया।
सरस्वती शिशु मंदिर देवबंद में आयोजित विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में 12 विद्यालयों के 170 बच्चों ने भाग लिया। बाल वर्ग के चक्का फेंक में मुनव्वर अकबर अली, 200 मीटर दौड़ में आकाश संदीप, शिशु वर्ग की लंबी कूद में नरगिस जुल्फान अली, ऊंची कूद व 200 मीटर दौड़ में आरती, कुश्ती प्रतियोगिता में रोहित शर्मा, शैफ अली, कार्तिक चौधरी, समीर नानू प्रथम स्थान पर रहे। इसके अलावा खो-खो प्रतियोगिता की टीम ने भी बाजी मारी।
प्रधानाचार्य सत्येंद्र त्यागी के अनुसार विजेता प्रतिभागी अब 18-19 सितंबर को धामपुर-बिजनौर में आयोजित प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यालय की छाप छोड़ने वाले बच्चों का प्रार्थना स्थल पर प्रबंधक मेघ गोपाल गोयल एवं प्रधानाचार्य सत्येंद्र त्यागी ने अभिनंदन करने के साथ ही अन्य को प्रेरणा लेने की सलाह दी।