अयोध्या वाले शुभ मुहूर्त में रखी राम खेड़ी और श्यामनगर में श्रीराम मंदिर की नींव
छुटमलपुर/ सरसावा। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर की नींव जिस शुभ मुहूर्त में रखी, उस शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने छुटमलपुर के रामखेड़ी और सरसावा के श्याम नगर में भी भगवान श्री राम के मंदिर की नींव वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रखी।
छुटमलपुर के रामखेड़ी गांव में राम मंदिर बनाने का बीड़ा उठाने वाले गांव निवासी सुमित राणा और सचिन फौजी ने बताया कि उनके गांव के लोगों ने पहले ही तय कर लिया था कि जिस दिन भी अयोध्या में राम मंदिर की नींव रखी जाएगी, उसी दिन वे भी अपने गांव में भी श्रीराम मंदिर की नींव रख कर निर्माण कार्य शुरू करेंगे। बुधवार को जिस वक्त अयोध्या में श्रीराम मंदिर की नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी, उसी वक्त गांव रामखेडी में हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. योगेंद्र सिंह राणा ने गांव में बनने वाले श्रीराम मंदिर की नींव रखी। पंडित प्रेम सागर ने पूजन का कार्य कराया। इस दौरान हिंदू युवा वाहिनी के प्रभारी मानवेंद्र सिंह चौहान, संदीप राणा, नरेंद्र बालियान, नैनपाल सिंह, ओम सिंह, वीरेंद्र सिंह उर्फ मिंटू राणा, रमेश राणा, सुनील राणा, शुभम राणा, मोंटी राणा, विकास राणा, कुणाल राणा रहे।
सरसावा की टूटू रोड स्थित कॉलोनी श्यामलाल नगर में भी श्रीराम मंदिर का शिलान्यास कर श्रीराम मंदिर की नींव की ईंट रखी गई। पंडित परमेश्वरी शर्मा ने पूजन कराया। नगर के मध्य में स्थित हनुमान मंदिर के ट्रस्टी शशिरमन कौशिक ने श्रीराम मंदिर का शिलान्यास कर बताया कि श्यामलाल नगर में स्थापित होने वाला राम मंदिर भी हनुमान मंदिर से संबद्ध होगा तथा हनुमान मंदिर का ट्रस्ट ही श्रीराम मंदिर की देखभाल करेगा। इस दौरान महावीर सिंह, जितेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, विनोद भाटला, नेहा राणा, सौरभ कौशिक, अश्वनी कुमार, रामकुमार रोहिला, रामकिशोर शर्मा, जयचंद शर्मा, नवाब सिंह, मनजीत आदि रहे।