सहारनपुर। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से चलाई गई समर स्पेशल ट्रेनों में से चार ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे ने यह फैसला ट्रेनों के लगातार देरी से चलने पर लिया है।
रेलवे ने जिन ट्रेनों को रद्द किया है, उनमें चंडीगढ़ से लखनऊ और बठिंडा से वाराणसी के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को 10 जुलाई तक संचालित किया जाना था, लेकिन संचालन में आ रही दिक्कतों के कारण इन्हें तय समय से पहले ही बंद कर दिया गया है। रेलवे ने बठिंडा-वाराणसी, वाराणसी-बठिंडा, चंडीगढ़-लखनऊ और लखनऊ-चंडीगढ़ समर स्पेशल ट्रेनों को रद्द किया है।
इन ट्रेनों को रद्द किए जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के बार-बार देरी से पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे न केवल यात्रियों को असुविधा हो रही थी, बल्कि अन्य नियमित ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ रहा था। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर से अवश्य ले लें।