रेलवे स्टेशन पर अपनी मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन करते रेलवे कर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ऑल इंडिया रेलवे मेंस यूनियन के आह्वान पर कर्मचारियों ने स्टेशन पर धरना, प्रदर्शन किया। इस दौरान महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया गया, जिसमें पुरानी पेंशन को लागू करने और नई पेंशन स्कीम को रद्द करने की मांग की गई।
इस अवसर पर कामरेड परमजीत सिंह ने कहा कि सरकार रेलवे की अनदेखी कर रही है। सुरक्षा श्रेणी में बहुत ज्यादा पद खाली चल रहे हैं, सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। कर्मचारियों को रात्रि भत्ता भी दिया जाए, जो काफी दिनों से बंद है। कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। काम का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे कॉलोनी में सड़कों का बुरा हाल है। रेलवे क्वार्टर भी जर्जर हालत में है। कॉलोनी में प्राइवेट वाहन और निगम की बसों ने अपना रूट बना रखा है, जिसे कोई देखने वाला नहीं है। अवतार सिंह ने कहा कि रेलवे में स्टाफ की कमी से काफी परेशानी हो रही है। पद खाली पड़े है, मगर सरकार नई नियुक्ति नहीं कर रही है। अपनी मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने धरना, प्रदर्शन किया। इस दौरान अनिल कुमार, सुलतान अहमद, गुलशन, किशन कुमार, अरविंद अठवाल, अनुज कुमार, इरफान खान, राजकुमार, दलीप कुमार, अनिल कुमार, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।