- दूसरे पक्ष के लोगों को साथ लेकर आवास पर एसएसपी से मिले सांसद इमरान मसूद
- मोहल्ला जनकनगर तकिया में बाइक टकराने के बाद पथराव और मारपीट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला जनकनगर तकिया में बाइक टकराने के बाद हुए बलवा व हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी सरफराज उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया है। चार अन्य नामजदों व अज्ञातों को पकड़ने के लिए पुलिस ने हरियाणा व उत्तराखंड में दबिश दे रही है। उधर, प्रकरण में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद रविवार को दूसरे पक्ष के साथ एसएसपी आवास पहुंचे।
बता दें कि शुक्रवार की देर रात मोहल्ला जनकनगर तकिया में मैदान के पास बाइक टकराने पर दो पक्षों के युवकों में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान आरएसएस पदाधिकारी डॉ. राजेश कन्नौजिया ने बीच-बचाव कराते हुए समझाया था। कुछ देर बाद एक समुदाय के लोगों ने आरएसएस पदाधिकारी व उनके बेटे पर हमला करते हुए घर पर पथराव किया था। इसके बाद भाजपा से नगर विधायक राजीव गुंबर, एसपी सिटी व्योम बिंदल पहुंचे थे, जिन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली थी।
इस प्रकरण में पुलिस ने डॉ. राजेश कन्नौजिया की तहरीर पर जनकपुरी पुलिस ने 15 लोगों को नामजद करते हुए 10 को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें से रविवार को एक और आरोपी सरफराज उर्फ शेरू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शमीम, कासिम, उजैफ व गालिब पुलिस पकड़ से दूर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जो देहरादून, हरिद्वार, यमुनानगर, शामली, मुजफ्फरनगर के अलावा शहर में दबिश दे रही। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, इसी मामले में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा एमएलसी शहनवाज खान रविवार को आवास पर एसएसपी अभिनंदन सिंह से मिले। एसएसपी के समक्ष दूसरे पक्ष की बात रखी। इसी पक्ष के एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दो व्यक्ति के झगड़े को दो समुदाय से जोड़ने का प्रयास किया गया, जो गलत है। कहा कि आपस का सौहार्द किसी भी सूरत में खराब नहीं होना चाहिए।
वर्जन
नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - व्योम बिंदल, एसपी सिटी