सरसावा। कारगिल विजय दिवस के मौके पर भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू तथा मालवाहक विमान आकाश में अपनी अतुलनीय क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। 13 जुलाई को वायुसेना स्टेशन सरसावा में आयोजित होने वाला ये एयर शो अनूठा होगा।
बता दें, कि वर्ष 1999 में भारत-पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध हुआ था। युद्ध भारत की सेना द्वारा पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देते हुए 28 जुलाई 1999 को जीत लिया गया था। भारत इस वर्ष कारगिल विजय के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना ने भी अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए ऑपरेशन सफेद सागर चलाकर दुश्मन की सेना के पांव उखाड़ दिए थे।
युद्ध के क्षेत्र में साहस और वीरता के साथ बलिदान देने वाले वायु योद्धाओं को नमन करने के लिए यह कार्यक्रम होगा। एयर शो के माध्यम से भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल लड़ाकू विमान राफेल, सुखोई, जगुआर के अलावा युद्धक हेलीकॉप्टर एमआई-17 तथा मालवाहक विमान एएन-32 अपनी ताकत का अहसास कराऐंगे। इसके अलावा बहुपयोगी विमान डोर्नियर भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेगा। इस दौरान वीरों के सम्मान में पुष्पांजलि समारोह, शहीद नायकों के परिजनों का अभिनंदन और स्टेटिक डिस्प्ले भी आयोजित किया जाएगा।