रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। ताले पर गंदगी डाल चोर ने मेडिकल स्टोर स्वामी को ताले साफ करने में उलझा कर उसका नोटों से भरा बैग उड़ा लिया। बैग में अस्सी हजार की नगदी थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार की सुबह शिवपुरी निवासी सुशील शर्मा पुत्र डॉ आरडी शर्मा दिल्ली रोड बस स्टैंड थाने के पास अपना मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि ताले पर गंदगी लगी है। ऐसे में उन्होंने अपने साथ लाए बैग को नीचे रख दिया और ताले की गंदगी साफ करने लगे। ताला खोने के बाद जब उन्होंने पलट कर देखा तो उनका बैग गायब था। बैग में अस्सी हजार की नगदी और जरूरी कागजात थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सुशील के बड़े भाई मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया पिछले चार-पांच दिन से लगातार कोई उनकी दुकान के शटर के तालों पर गंदगी डाल रहा था। उन्होंने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। आज की वारदात के बाद उन्हें अहसास हुआ कि यह चोरी के लिए प्लानिंग थी।
मनोज शर्मा ने बताया बैग में होल सैलर दवा व्यवसायी को पेमेंट देने के लिए लगभग 80 हजार रुपये, दुकान की हिसाब की डायरी, आधार कार्ड सहित अन्य कागजात थे। लोगों ने आसपास बैग चुराने वालों की काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। उधर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर छोटे सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।