सहारनपुर। पंजाब में आई बाढ़ का असर ट्रेनों के संचालन पर बरकरार है। सहारनपुर से गुजरने वाली शालीमार और हेमकुंड एक्सप्रेस निरस्त चल रही है। लोहित और कामाख्या एक्सप्रेस सहारनपुर तक ही दौड़ रही है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, पिछले दिनों पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से पंजाब में बाढ़ आ गई थी। जम्मू में पानी रेलवे ट्रैक तक आ गया था। इसके बाद रेलवे ने जम्मू से आने-जाने वाली ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था, जिसका असर अभी तक बना हुआ है। जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस, ऋषिकेश-श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस निरस्त चल रही है। हिमगिरी एक्सप्रेस सहारनपुर तक चल रही थी, जो रविवार से बहाल हुई। गुवाहाटी-जम्मूतवी लोहित और कामाख्या-श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा एक्सप्रेस को सहारनपुर तक चलाया जा रहा है। इस महीने भी इन ट्रेनों के बहाल होने की उम्मीद नहीं लग रही है।