सहारनपुर में आंगनबाड़ियों के बाद आशाओं ने भी पल्स पोलियो अभियान के बहिष्कार का एलान कर दिया। इससे पहले उन्होंने गांधी पार्क से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालते हुए कई जगहों पर जाम लगाया। सीएम को ज्ञापन भेज एक सप्ताह में राज्य कर्मचारी न बनाने पर धरने को अनिश्चितकाल करने की चेतावनी दी।
आशा एकता संगठन के बैनर तले आशाएं और संगनियां गांधी पार्क में इकट्ठा हुईं। यहां से सभी जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुईं। गांधी पार्क से अंबाला रोड को होते हुए घंटाघर पहुंचीं। यहां उन्होंने कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। इससे यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। इसके बाद सभी नारेबाजी करती हुईं कलक्ट्रेट पहुंची। जिलाध्यक्ष शशी राजपूत, उपाध्यक्ष सोनिया गौतम व महामंत्री अनिता पुंडीर ने बताया कि मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। कविता, संयोगिता, मोबिना, संगीता, रेखा, रीता चौहान, कृष्णा शर्मा, कौसर जहां, रूमा, ओमवती, मुनेश देवी, मंजू, रूबी, पूजा, सुनीता, बबीता, मोमिना, भावना, संतोष, सईदा खानम, मूर्ति, निर्मला, बबली, ममता, कुसुम, गीता, नीलम रही।