देहात कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गांव मुल्ला नगराजपुर, सूमली, नाजिरपुरा और देवली समेत कई गांवों के लोगों ने बुधवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
मामला दो दिन पहले एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर डॉ. अंबेडकर के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप पुलिस पर लगाया।
रघुवीर सिंह बौद्घ के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे ओमदास, प्रदीप, कमल, शीशपाल, आर्यन आदि ने बताया कि दूसरी जाति के युवक ने सोशल मीडिया पर डॉ. अंबेडकर को गाली दी थी, जिससे नाराज लोगों ने थाना देहात कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी।
साथ ही सोशल मीडिया पर की गई गलत टिप्पणी का प्रिंट भी दिया था। उसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। आरोप है कि पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देने वालों पर समझौता करने का दबाव बना रही है।
इसे लेकर दलित समाज में पुलिस के खिलाफ रोष है। यह भी बताया कि उन्होंने तहरीर में आरोपी के खिलाफ एससी एक्ट तथा धार्मिक भावना भड़काने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, जिसे पुलिस ने नहीं माना।
प्रदर्शनकारियों में धर्मेंद्र, बंटी, संजीव, दीपक, मुनेश, पवनदास, राजकुमार, संजू, सनी, बिजेंद्र, राहुल, अमित, राजेश, आशु, प्रदीप आदि थे। उधर, देहात कोतवाली प्रभारी राठौर ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया है।