सहारनपुर। कलक्ट्रेट परिसर में रजिस्ट्री कार्यालय निर्माण के लिए विभाग ने प्रशासन के जरिये राजस्व परिषद को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव के तहत खनन ऑफिस के सामने तीन मंजिला इमारत बनाई जाएगी। विभाग को प्रस्ताव पर हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
दरअसल, कलक्ट्रेट परिसर में स्टांप एवं पंजीयन विभाग के दो सब रजिस्ट्रार कार्यालय सदर द्वितीय और तृतीय कार्यालय स्थित है। प्रथम कार्यालय और रिकॉर्ड रूम दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट कॉलोनी में स्थित है। तीनो दफ्तरों और रिकॉर्ड रूम को एक जगह पर करने के लिए स्टांप एवं पंजीयन विभाग ने फतेहपुर जट्ट में जमीन चिह्नित की थी। इसके साथ ही इमारत निर्माण आदि के लिए भी राशि जारी की थी। पहले प्रस्तावित की गई जगह मुख्यालय से पांच से छह किलोमीटर दूर थी। ऐसे में आने-जाने परेशानी को लेकर प्रस्ताव के विरोध में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने हड़ताल और नो वर्क की घोषणा कर दी थी।
हड़ताल के चलते करीब सप्ताहभर बाद प्रशासन और दोनों एसोसिएशन के बीच सहमति बनी थी। सहमति में कलक्ट्रेट परिसर में ही कार्यालय बनाए जाने पर दोनों पक्ष सहमत हुए थे। इसके बाद कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद खनन ऑफिस के सामने बहुमंजिला इमारत बनाए जाने का निर्णय लिया। इसमें तीन मंजिलों पर तो रजिस्ट्री कार्यालय होगा। साथ ही नीचे पार्किंग होगी। स्टांप विभाग ने इस प्रस्ताव को राजस्व विभाग को भेजा है। इस पर मुहर लगना बाकी है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू होगा। एआईजी स्टांप बृजेश एस चौधरी ने बताया कि प्रस्ताव को भेजा गया है। उम्मीद है जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।