भैंसा बुग्गी पर बैठकर निकाला जुलूस, किया प्रदर्शन
सहारनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख के चुनाव में धांधली के आरोप, बढ़ती महंगाई और बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन किया। भैंसा बुग्गी पर सिलिंडर और मोटर साइकिल रखकर जुलूस निकाला।
हकीकत नगर स्थित धरनास्थल पर धरने के दौरान सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं शहर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख के चुनाव में लोकतंत्र की हत्या हुई है। नामांकन के दौरान विपक्ष के प्रत्याशी, प्रस्तावकों, समर्थकों और महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। वरिष्ठ नेता सरफराज खान, महानगर अध्यक्ष आजम शाह, चौधरी अब्दुल गफूर, अनुराग मलिक, उदयवीर कश्यप, इसरार प्रमुख, लियाकत अली आदि ने भी विचार रखे। इसके बाद उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान परीक्षित वर्मा, पार्षद गुलशेर, फजलुर्रहमान, इमरान सैफी, पार्षद टिंकू अरोड़ा, सुशील सोनकर, प्रणव शर्मा, राहुल शर्मा, सोनू त्यागी, नागेंद्र राणा, रामशरण, रामकुमार, हरपाल वर्मा, नवीन सिंघल, गुलशन कपूर, रतन यादव, मुस्तकीम राणा, राव वजाहत, संदीप उर्फ अच्छन यादव, आकाश खटीक, शहनवाज चांद, फैसल सलमानी आदि मौजूद रहे।
बुग्गी पर रखे उपले और बाइक
सहारनपुर। पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों और महंगाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष चौधरी अब्दुल गफूर के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित गांव मवी कलां से भैंसा बुग्गी पर जुलूस निकाला। बुग्गी पर उपले, खाली सिलिंडर और बाइक रखी थी। सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने आदि के विरोध में नारेबाजी की गई।