सहारनपुर। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में धर्मांतरण और महिला डॉक्टरों के यौन शोषण से जुड़े मामले की जांच अब सहारनपुर में भी पहुंच गई है। आरोपी डॉ. सैम अनीस का संबंध सहारनपुर से होने के कारण जांच एजेंसियों ने जिले में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। एसटीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां स्थानीय स्तर पर जानकारियां एकत्र कर रही हैं।
जांच से संबंधित एसटीएफ की रिपोर्ट में आरोपी के हवाले से 19 हिंदू युवतियों के साथ दुष्कर्म किए जाने की कथित स्वीकारोक्ति दर्ज होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट में यह भी संकेत मिले हैं कि मामले का दायरा केजीएमयू परिसर से बाहर तक फैला हुआ है। आरोपी सैम अनीस के साथ रमीज, रिजवान मलिक और अदनान अंसारी के आपसी संपर्कों की जानकारी भी जांच रिपोर्ट का हिस्सा बताई गई है। सहारनपुर से आरोपी का जुड़ाव सामने आने के बाद एजेंसियां उसकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और मेडिकल पढ़ाई के दौरान बने रिश्तों की जानकारी खंगाल रही हैं। जिले में उसके परिचितों और अन्य संभावित संपर्कों के बारे में भी गोपनीय स्तर पर पड़ताल की जा रही है। उधर, एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपी से जुड़े मामले में एसटीएफ का सहयोग किया जाएगा।