सहारनपुर। किसानों के समर्थन में गांधी पार्क में आठ फरवरी को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की रैली की प्रशासन ने परमिशन नहीं दी है। कांग्रेस ने भाजपा सरकारों पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया है।
राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की रैली की तैैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव जुबैर अहमद, रोहित चौधरी, प्रदेश सचिव विनीत चौधरी और मोनिंदर सूद वाल्मीकि ने शुक्रवार को सहारनपुर का दौरा किया। रैली की परमिशन के लिए जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली, विधायक मसूद अख्तर और नरेश सैनी ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस फोर्स कम होने और कोरोना संक्रमण का हवाला देकर प्रशासन ने रैली की परमिशन नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार के इशारे पर प्रशासन काम कर रही है। किसानों की जायज मांगों को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन कर रही है, जिससे भाजपा सरकारों में बौखलाहट है। इसी वजह से प्रियंका गांधी की रैली की परमिशन नहीं दी गई, लेकिन कांग्रेस किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी। जल्द दोबारा प्रियंका गांधी का कार्यक्रम रखा जाएगा। भाजपा सरकारों की गलत नीतियों का कांग्रेस विरोध करती रहेगी।