गंगोह (सहारनपुर)। लखनौती ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर अनीशा चौधरी निर्वाचित हुई है। अनीशा चौधरी का कहना है कि वे गांव को आदर्श बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगी। बीती योजना में जो काम अधूरे रह गए थे, उन्हें इस बार में हर हालत में पूरा करने का काम करेंगी। उनके काम को देखते हुए ही जनता ने उन्हें दोबारा जनादेश दिया है। इस पर वे खरा उतरेंगी। उन्होंने बताया कि बड़ी आबादी के चलते गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना कराई जाएगी। शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए गांव में इंटर कॉलेज बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पंचायत के मजरों को जोड़ने वाली सड़कों पर पौधरोपण किया जाएगा। गंदे पानी की निकासी और तालाबों का सुंदरीकरण कराना भी उनका उद्देश्य है।
प्रोफाइल
प्रधान अनीशा चौधरी कक्षा आठ पास है।
वे लगातार दूसरी बार ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई हैं।
पति गफ्फार चौधरी किसान हैं।
पांच करोड़ से टंकी तो बनी लेकिन पानी नहीं मिला
गंगोह ब्लाक मुख्यालय से छह किमी की दूरी पर स्थित 20 हजार की आबादी वाली ग्राम पंचायत लखनौती में छह मजरे हरनामगढ़, पनाहपुर, गुरुनानकपुरा, चमनपुरा, भगवानपुर और बहादरनगर हैं। गांव की बड़ी समस्या पेयजल की अनुपलब्धता है। पांच करोड़ रुपये की लागत से वाटर टैंक और नलकूप की स्थापना के बावजूद लोगों को स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है। इसकी वजह पाइप लाइनें टूटी पड़ी होना है। लखनौती की पहचान ऐतिहासिक महत्व की इमारतों से होती है। यहां भूल भुलैया, किला, इमाम बारगाह, प्राचीन मंदिर और मस्जिदें स्थित हैं।
लखनौती का मकबरा- फोटो : SAHARANPUR
अनीशा चौधरी- फोटो : SAHARANPUR