बड़गांव। सेवानिवृत्त माध्यमिक शिक्षक कल्याण समिति के मंत्री ने बीएनडी इंटर कॉलेज जड़ौदा पांडा के प्रधानाचार्य व प्रबंधक पर विभिन्न प्रकार के आरोप लगाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र का संज्ञान लेते हुए डीआईओएस ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को प्रकरण की जांच सौंपी है।
क्षेत्र के गांव जड़ौदा पांडा निवासी व सेवानिवृत्त माध्यमिक शिक्षक कल्याण समिति के मंत्री सत्यप्रकाश ने डीआईओएस को पत्र देकर बताया कि बीएनडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जैनेंद्र कुमार और प्रबंधक अशोक कुमार ने नियमों को ताक पर रख पीटीए अंतर्गत अयोग्य शिक्षक रखे हुए हैं। इनकी योग्यता केवल इंटरमीडिएट है। ये हाई स्कूल को पढ़ाते हैं। बताया कि इन्हें हटाने के लिए वर्ष 2016 में डीआईओएस ने आदेश जारी कर दिए थे। इसके बावजूद इन्हें नहीं हटाया गया है। पत्र में वित्तीय अनियमितता के भी आरोप लगाए गए हैं। उधर, प्रधानाचार्य जैनेंद्र कुमार व प्रबंधक अशोक कुमार का कहना है कि आरोप निराधार हैं। जांच अधिकारी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सहारनपुर की प्रधानाचार्य शोभा चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद