- बाईपास पर निर्माण कार्यों को दिया जा रहा अंतिम मूर्त
- अंबाला - देहरादून हाइवे पर बन रहा बाईपास
- सहारनपुर शहर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। अंबाला - देहरादून हाइवे पर सरसावा से छुटमलपुर मार्ग को जोड़ने वाले बाईपास का निर्माण अंतिम पड़ाव पर है। कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है। अभी बाईपास पर आवागमन की इजाजत नहीं है। इसके बावजूद भी वाहन फर्राटा भरने लगे हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से बाईपास पर सरसावा से लाखनौर के बीच वाहनों की आवाजाही को मंगलवार तक हरी झंडी मिल सकती है। उसी को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। पेश है लाइव रिपोर्ट...
- कार्य प्रगति पर है, का लगा बोर्ड, दौड़ रहे वाहन
सरसावा से आगे बाईपास तिराहा है। जहां से अंबाला की तरफ से आने वाले वाहनों को बाईपास की तरफ जाना होता है। वहां पर एनएचएआई की तरफ से बोर्ड लगाया हुआ है कि कार्य प्रगति पर है, बावजूद इसके वाहन चालक बाईपास की तरफ अभी से जा रहे हैं।
- स्ट्रीट लाइट लगने का कार्य जारी
प्रोजेक्ट में हरियाणा की कंपनी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कर रही है। बाईपास पर कई जगह पर गांवों के संपर्क मार्ग पर पुल बने हैं। राजेंद्र निवासी यमुनानगर खंभो पर लाइट लगा रहा था तो उसके साथी पंजाब निवासी लल्लू राम और एक अन्य जेसीबी की मद्द से खंभे गाड़ने का कार्य कर रहे थे।
- कई जगह चल रहा है कार्य
गंगोह रोड से बाईपास पर चलने के बाद करीब एक किलोमीटर आगे बिडवी जाने वाले मार्ग के ऊपर पुल बनाया गया है। करीब 15 कर्मचारी साइड पटरी पर कार्य करते मिले। इसी तरह सरसावा से आगे बाईपास तिराहा पर भी सड़क का निर्माण अभी कराया जा रहा है। कुछ हिस्से में सड़क अभी बनी नहीं है।
- संकेतक बोर्ड न होने से भ्रम की स्थिति
बाईपास पर अभी संकेतक बोर्ड पूरी तरह नहीं लग पाए हैं। सरसावा से गंगोह रोड के बीच ही कई कार सवार देहरादून और हरिद्वार जाने का रास्ता पूछते नजर आए। इनमें चंड़ीगढ़ निवासी राकेश और अंबाला से आ रहे गुरप्रीत चड्ढा को हरिद्वार जाना था। संकेतक बोर्ड न होने से परेशान दिखे।
- एक नजर में प्रोजेक्ट
इस प्रोजेक्ट को गागलहेडी से यमुना नगर तक करीब 43 किलोमीटर लंबाई मार्ग बनाया जा रहा है। इसे हाईवे 344 का नाम दिया गया है। निर्माण कार्य 2018 में शुरू हुआ था। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) निर्माण करा रहा है। करीब 1184 करोड़ रुपये लागत वाले इस प्रोजेक्ट में 17 अंडरपास, तीन बड़े पुल, दो फ्लाईओवर बनाए गए हैं।
- शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति
बाईपास का निर्माण सहारनपुर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों से भारी वाहन अंबाला-सहारनपुर हाईवे से शहर में प्रवेश करते हैं। जिन्हें देहरादून, हरिद्वार, रुड़की या फिर मुजफ्फरनगर की तरफ जाना होता है। अंबाला रोड पर बड़ी नहर का पुल संकरा है, जिस कारण जाम लगता है। अंबाला फ्लाईओवर पर ट्रैफिक जाम लगता है, तो उसके बाद शहरी क्षेत्र में कुतुबशेर थाना, घंटाघर चौक, देहरादून चौक, बेहट अड्डा आदि स्थानों पर ट्रैफिक जाम रहता है।
- वर्जन
एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रदीप गोसाई का कहना है कि सरसावा से लाखनौर के बीच वाहनों की आवाजाही शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। अधूरे कार्य तेजी से पूरे कराए जा रहे हैं। अभी वाहन चलने की अनुमति नहीं है।