सहारनपुर। गन्ना सहकारी समितियों के चुनाव की तैयारियां विभागीय स्तर पर शुरू हो गई हैं। वैसे तो चुनाव अगस्त माह में संपन्न होने हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर गन्ना समितियों में सदस्यों की सूची बनाने से लेकर अन्य कवायद अभी से शुरू हो गई है।
दरअसल, गन्ना सहकारी समितियों के चुनाव ग्रामीण अंचल में अहम होते हैं, जिसके लिए सीधे तौर पर तो राजनीतिक दल अपने प्रत्याशी नहीं उतारते हैं, लेकिन गन्ना समितियों के चेयरमैन पद को हासिल करने में काफी रस्साकशी चलती है। चेयरमैन के चुनाव से पहले डेलीगेट्स बनाने और डायरेक्टर के चुनाव में खूब प्रयास किए जाते हैं, जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र में राजनीति गरमा जाती है। अब सहकारी गन्ना समितियों के चुनाव को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। चुनाव को लेकर शासन स्तर से गाइड लाइन जारी हो गई है। उसके मुताबिक 13 अगस्त को डेलीगेटस का चुनाव कराया जाएगा, जबकि 27 अगस्त को डायरेक्टर और 28 अगस्त को चेयरमैन का चुनाव होना है। एआर कोआपरेटिव अशोक कुमार ने भी सहकारी गन्ना समितियों में चुनाव कराए जाने की पुष्टि की है।
-- सबसे ज्यादा मुजफ्फरनगर में
सहारनपुर मंडल में 14 सहकारी गन्ना समितियां हैं। इनमें से चार सहारनपुर में है, जबकि सात मुजफ्फरनगर और तीन शामली में हैं। इन सभी समितियों पर डेलीगेट्स, डायरेक्टर और चेयरमैन पद के लिए चुनाव कराया जाना है। सबसे ज्यादा समितियां मुजफ्फरनगर जनपद में हैं।
-- चुनाव संबंधी तैयारियां शुरू करा दी गई हैं: मिश्र
गन्ना उपायुक्त डाक्टर दिनेश्वर मिश्र का कहना है कि सहकारी गन्ना समितियों के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गन्ना समिति स्तर पर सदस्यों की सूची बनवाई जा रही हैं, ताकि डाटा अपडेट रहे। शासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।