होली के बाद शोभायात्रा निकालने की तैयारी
सहारनपुर। डॉ. बीआर आंबेडकर समाज कल्याण समिति ने शब्बीरपुर में शोभायात्रा निकालने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर दिए गए आदेश पर राहत जताई है। पदाधिकारियों का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर कोई भी तिथि तय कर शोभायात्रा निकाली जा सकती है।
समिति के सचिव सुदेश कुमार ने बताया कि दो मार्च को इस मामले में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह व्यवस्था दी कि कोई भी तिथि तय कर कानून के दायरे में रहकर आयोजन कराया जाए। साथ ही इसके बारे में समय से अवगत कराया जाए। सुदेश कुमार के अलावा मनवीर सिंह, श्रीकांत, प्रीतम कुमार, श्याम सिंह, राजकुमार, पलटूराम, कर्म सिंह, फकीर चंद, अग्निभास्कर, नरेश, मीर सिंह, शिवराज, शिव कुमार सहित अन्य लोगों ने इस स्थिति पर खुशी जाहिर की है।
शब्बीरपुर के लोगों ने संत रविदास जयंती पर शोभायात्रा निकालने के लिए पुलिस प्रशासन से पुराने वाले रूट के अनुरूप आयोजन की मांग की थी। लेकिन कानून व्यवस्था के साथ अन्य निर्देशों का हवाला देकर इसकी अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद ही डॉ. बीआर आंबेडकर समाज कल्याण समिति की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।