ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत, पति घायल
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)।
बुधवार की सुबह ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने युवक के अनुरोध पर पत्नी का शव बिना पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंपा।
शामली के गांव दथेड़ा गढ़ी निवासी अंकित अपनी पत्नी जूली (24) को दवाई दिलाने बाइक पर सवार होकर सहारनपुर जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे जब वह रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहली रोड हाईवे पर पशु चिकित्सालय के पास पहुंचा तो पीछे से ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर बैठी जूली उछल कर सड़क पर जा गिरी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर सीएचसी रामपुर मनिहारान पहुंची, वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत के बाद अंकित बदहवास हो गया। जूली की मौत के साथ ही उसके पेट में पल रही नन्ही जान ने भी दुनिया में आने से पहले दम तोड़ दिया। अंकित की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई। शादी के डेढ़ साल बाद ही उसकी दुनिया उजड़ गई। अंकित की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तथा शव को अपने साथ ले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गया। उधर, दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।