सहारनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के माध्यमिक विद्यालयों में दसवीं और 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू करा दी गई हैं। मुख्य परीक्षाओं से पहले हो रही यह परीक्षाएं परीक्षार्थियों के लिए अपनी तैयारी का आंकलन करने का बेहतर मौका है। जिसके बाद वह अपनी खामियों को दूर कर और अच्छी तैयारी कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस बार प्री बोर्ड परीक्षाओं के नंबर माध्यमिक शिक्षा परिषद को जाएंगे।
कुछ दिन पहले ही परिषद ने फरवरी माह में प्री बोर्ड परीक्षाएं करा लेने के आदेश दिए हैं, जिसके बाद जनपद के माध्यमिक विद्यालयों ने अपने यहां परीक्षाएं शुरू कर दी हैं। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दो दिन से परीक्षाएं चल रही हैं। प्री बोर्ड परीक्षाएं अनिवार्य रूप से सभी विद्यार्थियों को देनी हैं। ऐसे में ज्यादातर विद्यालयों में उपस्थिति ठीक चल रही है। एसएएम इंटर कॉलेज में यह परीक्षाएं मंगलवार से शुरू की गई हैं। पहली परीक्षा दसवीं की हिंदी विषय की रही। प्री बोर्ड परीक्षाओं में सभी विषयों का एक-एक प्रश्न पत्र बनाया गया है। इस प्रकार 12 वीं में पांच और दसवीं की छह विषयों की परीक्षाएं हो रही हैं। कुछ विद्यालयों ने प्रश्न पत्र अपने शिक्षकों से तैयार कराए हैं, जबकि एसएएम इंटर कॉलेज सहित कुछ विद्यालयों ने बाहर से मंगवाए हैं, जिससे परीक्षार्थियों के साथ ही शिक्षकों को भी यह पता ना चले कि प्रश्न पत्र किस प्रकार से सेट किया गया है। भूगोल के प्रवक्ता ब्रिजेश पुंडीर ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षाएं परीक्षार्थियों के लिए फायदेमंद होंगी, क्योंकि इनसे परीक्षार्थी अपनी तैयारी का आंकलन कर सकेंगे और जो कमियां हैं उन्हें चिह्नित कर दूर कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों में कोर्स काफी पहले पूरा हो चुका है। रिविजन भी कराया जा चुका है।
जिले में कुल 67313 परीक्षार्थी
जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद के 235 माध्यमिक विद्यालय हैं। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 67313 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इनमें हाई स्कूल के संस्थागत परीक्षार्थियों की संख्या 34,507 है, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थी 718 हैं। 12वीं के संस्थागत परीक्षार्थियों की संख्या 29,448 है, जबकि 2,640 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं।
परीक्षार्थियों की बात
प्री बोर्ड से कमियां दूर होगी
प्री बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कक्षा दस के मोहित कुमार का कहना है कि यह परीक्षाएं बहुत ठीक समय पर हो रही हैं, क्योंकि कोर्स पहले से पूरा हो चुका है। उन्होंने हिंदी विषय की परीक्षा को आसान बताते हुए कहा कि कुछ कमियां उन्हें अपनी तैयारी में महसूस हुई हैं, जिन्हें दूर करेंगे।
आंकलन करने का बेहतर मौका
12 वीं के आर्ट स्ट्रीम के छात्र देव सैनी ने बताया कि परीक्षा की तैयारी काफी समय पहले पूरी हो चुकी है और वह इन दिनों रिविजन कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षाएं छात्रों को अपनी तैयारी का आंकलन करने का बेहतर मौका है। ऐसे में सभी छात्र जो परीक्षा को लेकर गंभीर हैं, वह परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षाएं जरूरी है
12वीं के विज्ञान स्ट्रीम के छात्र विशाल वर्मा का कहना है कि इस बार प्री बोर्ड परीक्षाओं के अंक माध्यमिक शिक्षा परिषद में जाएंगे। बेशक वह मुख्य परीक्षा के नंबरों में ना जुड़ें, लेकिन वह एक रिकॉर्ड होगा जो परिषद के पास सुरक्षित रहेगा। ऐसे में वह पूरे मन से परीक्षा दे रहे हैं।
अब तैयारी का पता चलेगा
सागर भारद्वाज ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्री बोर्ड परीक्षाओं को सभी के लिए अनिवार्य रखा है, जो अच्छी बात है। उनका कहना है कि इन परीक्षाओं के जरिए उनको अपनी तैयारी का पता चल सकेगा। साथ ही वह समय रहते कमियों को दूर भी कर सकेंगे।
जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। यह परीक्षाएं सभी बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य की गई हैं। ऐसे में प्रत्येक परीक्षार्थी को चाहिए कि वह परीक्षा दे। क्योंकि यह परीक्षाएं परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की तैयारी का आंकलन करने का मौका हैं। - रवि दत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक