धर्म परिवर्तन मामले को लेकर सहारनपुर नागल थाना क्षेत्र के गांव शीतला खेड़ा के प्रवीण का नाम भी सामने आया है, लेकिन प्रवीण और उनके परिजन इसका विरोध कर रहे हैं। प्रवीण ने कहा कि उसने धर्म परिवर्तन नहीं किया है, उसके कागजात और फोटो का दुरुपयोग हुआ है, इस साजिश की जांच होनी चाहिए।
दरअसल, धर्म परिवर्तन करने वालों की सूची में प्रवीण का भी नाम शामिल बताया गया। इसी के चलते पुलिस और एटीएस के लोगों ने प्रवीण के घर भी पहुंचकर पूछताछ की।
प्रवीण कुमार का साफ कहना है कि उन्होंने इस्लाम धर्म ग्रहण नहीं किया है। प्रवीण कुमार पीएचडी कर रहे हैं। उनकी दो किताबें भी प्रकाशित हो चुकी हैं, जिसमें से एक किताब मोदी एक विचार है तो, दूसरी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर है।
प्रवीण का कहना है कि उन्होंने कई स्थानों पर अपने कागजात भेजे थे या कहीं धर्मशाला में रुकने पर भी आधार कार्ड और फोटो दिए, आशंका है कि उनके कागजात का दुरुपयोग हुआ है।
इस मामले में उनसे पुलिस और एटीएस की टीम भी पूछताछ करने आई थी। उन्होंने कहा वह नहीं जानते कि उनकी फोटो और उनके कागज कैसे वहां तक पहुंचे। इस मामले में जांच होनी चाहिए और जो दोषी है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रवीन की शादी को 12 साल हो चुके हैं और वह बीवी और बच्चों के साथ खुश है। प्रवीण के एक भाई और एक बहन है। प्रवीण पर उसकी माता और पत्नी को भी पूरा भरोसा है, उनका कहना कि हम हिंदू गुज्जर है और रहेंगे।
उनका कहना है कि आज जब एटीएस की टीम आई तब उन्हें इस मामले का पता चला और उन्हें बहुत आश्चर्य हुआ। अब लगातार इस मामले में पूछताछ के बाद वह बहुत ज्यादा टेंशन में है।