गंझेड़ी में ट्रांसफार्मर फूंकने से एक माह से बिजली आपूर्ति ठप
देवबंद। क्षेत्र के गंझेड़ी गांव में रखा ट्रांसफार्मर एक माह से खराब है। इस कारण गांव की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे ग्रामीणों में निगम के अधिकारियों प्रति रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा ट्रांसफार्मर एक माह में पांच बार फुंक चुका है।
गंजेड़ी की विद्युत सप्लाई तल्हेडी फीडर से है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम के मंदिर के पास सौ केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। यह ट्रांसफार्मर एक माह में पांच बार फुंक चुका है। जैसे ही विद्युत निगम द्वारा गांव में नया ट्रांसफार्मर रखा जाता है तो दूसरे दिन ट्रांसफार्मर फुंक जाता है। इसके चलते एक माह से गांव की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। ग्रामीण अमरनाथ, ओम सिंह, सुशील कुमार, ओमवीर, अनुज कुमार, श्रीकांत, इंतजार, इरान आदि ने अधीक्षण अभियंता से हस्तक्षेप कर गांव में नया ट्रांसफार्मर रखवाकर विद्युत सप्लाई चालू कराने की मांग की है । दूसरी तरफ अधीक्षण अभियंता ने कहा ग्रामीणों की समस्या हल कराने का प्रयास किया जा रहा है।