सहारनपुर। छह दिसंबर को लेकर जनपद भर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रही। किसी भी घटना से निपटने को पुलिस के साथ पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। बाजार भी सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। एसएसपी, एसपी देहात और एसपी सिटी सहित तमाम आला अधिकारी भ्रमण करते हुए हर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
हर वर्ष छह दिसंबर को मुस्लिम संगठनों द्वारा काला दिवस और हिंदू संगठनों द्वारा शौर्य दिवस मनाया जाता रहा है। इस वर्ष अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है। ऐसे में पुलिस प्रशासन कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पूरी तरह चौकसी बरती। सभाओं और जुलूसों पर रोक लगाने के साथ ही महानगर से लेकर पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्थानों के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के साथ पीएसी बल को तैनात किया गया है। एसएसपी दिनेश कुमार, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर प्रत्येक स्थिति पर नजर रखी। एसएसपी ने महानगर में कई जगहों का जायजा लिया। इसके साथ ही घंटाघर पर एसएसपी खुद मौजूद रहे और जनपद की स्थिति की पल-पल की जानकारी लेते रहे। इसके अलावा एसएसपी ने देहात क्षेत्रों का भी जायजा लिया।
वहीं, एसपी सिटी विनीत भटनागर शहर के मिश्रित आबादी इलाकों में नजर बनाए रहे। इसी तरह एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने देहात क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि महानगर सहित पूरे जिले में तीन कंपनी पीएसी की तैनात की गई थी। इसके अलावा समस्त थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज मुस्तैद रहे। जनपद में छह दिसंबर पर पूरी तरह शांति रही। सभी धर्मों के लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया।
जुमे की नमाज के दौरान बरती चौकसी
छह दिसंबर पर शुक्रवार होने की वजह से पुलिस ने ज्यादा एहतियात बरती। महानगर में चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी आसपास मौजूद रहे। सभी वर्गों के लोगों ने पुलिस का पूरा सहयोग किया।
सोशल मीडिया पर रखी नजर, खुफिया तंत्र रहा अलर्ट
पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाएं रखने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया की मॉनिटिरिंग की गई। इसके अलावा खुफिया तंत्र के अधिकारी और कर्मचारी भी अलर्ट रहे।
स्कूल और शराब की दुकानें रही बंद
छह दिसंबर के मद्देनजर प्रशासन ने बृहस्पतिवार को जिले समस्त स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही शराब की दुकानों को बंद कराया गया। शुक्रवार को सभी स्कूल और शराब की दुकानें बंद रही।
छह दिसम्बर पर सुरक्षा के मददेनजर जुमे की नमाज के दौरान बाजारों में तैनात पुलिस- फोटो : SAHARANPUR
जामा मस्जिद पर 6 दिसम्बर पर सुरक्षा के मददेनजर नमाज के दोरान तैनात पुलिस- फोटो : SAHARANPUR
जामा मस्जिद पर छह दिसम्बर पर सुरक्षा के मददेनजर नमाज के दौरान तैनात पुलिस- फोटो : SAHARANPUR