देवबंद के भायला रोड बाजार से अतिक्रमण हटवाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नगर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण बार-बार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए कोतवाली पुलिस ने अभियान शुरू किया है। मंगलवार को डीजीपी जावीद अहमद के आदेश पर पुलिस ने एमबीडी चौक से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की गई।
गौरतलब है कि दुकानदारों द्वारा सामान दुकान से निकाल कर सड़क पर रख लेने तथा रेहड़ी व रिक्शा आदि के खड़े होने के कारण देवबंद के बाजारों में बार-बार जाम लगता है। इससे सबसे अधिक स्कूली बच्चों को परेशानी उठानी पड़ती है।
हालांकि स्थानीय प्रशासन ने भी कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की गई, लेकिन व्यापारियों के विरोध के कारण सफलता नहीं मिली। नतीजा यह है कि अभियान चलने के दो-तीन दिन बाद फिर से लोगों को अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। इस बार पुलिस ने डीजीपी जावीद अहमद के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है।
कोतवाल विजय प्रकाश ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान एक माह तक जारी रहेगा। मंगलवार को पहले दिन अतिव्यस्तम एमबीडी चौक से अभियान आरंभ किया गया जो भायला रेलवे फाटक तक चला।
पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी वाहन या सामान दुकानों को बाहर सड़क पर रखा हुआ दिखना नहीं चाहिए। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दुकानों के बाहर खड़ी बाइकों को हटवाया और रेहड़ी चालकों को भी चलता किया। कोतवाल ने बताया कि बुधवार को एमबीडी चौक से सुभाष चौक तक अभियान चलेगा।