सहारनपुर। जिले में बाहरी और संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए पुलिस ने टॉर्च अभियान चलाया है। अभियान के तहत अब तक पुलिस टीमों ने 40 झुग्गी-झोपड़ियों व बस्तियों में दस्तक दी। इस दौरान संदिग्ध लोग चिह्नित किए, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
टॉर्च अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, रेलवे लाइन के आसपास क्षेत्र और शहर के अन्य संवेदनशील स्थानों, झुग्गी-झोपड़ियों और बस्तियों में पुलिस टीमें जाकर जांच कर रही है। पुलिस टीमों ने करीब 40 बस्तियों में पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों से आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे। जांच के दौरान कुछ लोग संदिग्ध पाए गए हैं। इनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, इनके दस्तावेजों में कई खामियां मिली हैं, जिसके चलते वह निगरानी में रखे गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में बाहरी लोगों की संख्या बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
संदिग्ध लोगों की पूरी सूची तैयार कर संबंधित विभागों को भेजी जा रही है। सत्यापन के बाद जिन व्यक्तियों की पहचान या दस्तावेज सही नहीं पाए जाते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।