नानौता (सहारनपुर)। दो मासूम बच्चियां घूमते घूमते अपने घर से करीब दो किलोमीटर आगे रास्ता भटक गई। बच्चियों को रोते देख आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों की खोजकर बच्चियों को उनके सपुर्द किया।
मोहल्ला कानूगोयान (भारी अड्डा) से सटे गांव बुंदूगढ निवासी महावीर सिंह की दो वर्षीय पुत्री निम्मी व रामकुमार की तीन वर्षीय पुत्री पलक सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर से खेलते हुए करीब दो किलोमीटर दूर मोहल्ला अफगानान स्थित किसान सहकारी साधन समिति के पास पहुंच गई। वहां पहुंच कर दोनों बच्ची अपने घर का रास्ता भूल गई और वे रोने लगी। उनके रोता हुआ देख आसपास के दुकानदारों द्वारा जब उनसे नाम व पता पूछा गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद लोगों द्वारा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस दोनों मासूमों को थाने ले आई। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा इस सूचना को सोशल मीडिया पर डाला गया। इसके बाद परिजनों को उनकी खबर हुई और वे तत्काल थाने पहुंचे।
दोनों बच्चियों को सुरक्षित देखकर परिजन खुशी से फूले नहीं समाएं। उन्होंने पुलिस का आभार जताया। थानाध्यक्ष शोबीर नागर ने कहा कि परिजन अपने बच्चों के प्रति लापरवाही न बरतते हुए छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखे।