-- कोर्ट के निर्देशानुसार कार्रवाई कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए जाने के कोर्ट के निर्देशानुसार जिले भर में पुलिस ने 507 जगहों से लाउडस्पीकर उतरवाए हैं, इसको लेकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी धर्म गुरुओं से वार्ता भी की है। वहीं, हिंदू योद्धा परिवार द्वारा मंदिरों पर लाउडस्पीकर लगाने के मामले में अध्यक्ष विश कांबोज को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जनपद के समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के प्रबंधन के सहयोग से लाउडस्पीकर उतरवा रहे हैं। लाउडस्पीकर उतरवाए जाने को लेकर 700 से अधिक नोटिस भी भेजे गए हैं। जहां पर लाउडस्पीकर लग रहेंगे, वहां पर मानकों को पूरा करते हुए लाउडस्पीकर आवाज रखनी होगी। नोटिस में इसके लिए भी बता दिया गया है। इसके साथ ही थाना प्रभारी व सीओ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में धर्म गुरुओं से वार्ता भी कर रहे हैं।
-------------
लाउडस्पीकर लगाने पर विश कांबोज गिरफ्तार
सहारनपुर। हिंदू योद्धा परिवार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिरों पर लाउडस्पीकर लगाने के अभियान की शुरूआत की थी। अध्यक्ष चौधरी विश सिंह कांबोज ने मीडिया को बताया कि उनके संगठन का निर्णय है कि जिन मंदिरों पर किसी कारणवश लाउडस्पीकर नहीं लगे हैं, वहां लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे। वहीं, इसका पता लगते ही एसएसपी आकाश तोमर ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने हिंदू योद्धा परिवार के अध्यक्ष विश कांबोज निवासी नुमाइश कैंप को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी का कहना है कि कोर्ट निर्देशों के अवहेलना के मामले में नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।