सीसीटीवी में कैद होने पर भी बदमाशों तक नहीं पहुंची पुलिस
सहारनपुर। किशनपुरा में कपड़ा कंपनी के कमीशन एजेंटों से लूट करने के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी में बदमाशों की फोटो कैद होने के बावजूद पुलिस को बदमाशों का सुराग नहीं मिल सका। एजेंटों ने कहां-कहां से रुपयों की कलेक्शन की थी, पुलिस ने इसकी जांच कर रही है। व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सोमवार को एजेंटों को पैसा नहीं दिया।
सोमवार देर शाम बदमाशों ने घनी आबादी वाले इलाके किशनपुरा में सूरत की कपड़ा कंपनी के कमीशन एजेंट अंबालाल, मोहन से लूटपाट की थी। तमंचे की बट से अंबालाल को घायल कर दिया था। एसपी सिटी विनीत भटनागर और नगर कोवातली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मकान के बराबर में दुकान में लगे सीसीटीवी में दो बदमाश सफेद रंग की बाइक पर आते हुए नजर आ रहे थे। पुलिस ने फुटेज लेकर जांच शुरू की, लेकिन मंगलवार रात तक भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई।
नगर कोतवाली इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि लूट 20 हजार रुपये की लूट हुई थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कमीशन एजेंटों ने जिन-जिन व्यापारियों से सोमवार को भुगतान लेने की बात कही थी, उनसे भी जानकारी ली गई है। व्यापारियों ने बताया कि सोमवार को उन्होंने एजेंटों को पैसा नहीं दिया था। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें लगी हैं, जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।