नानौता पुलिस द्वारा नशीले पदार्थो की तस्कारी के आरोप में पकड़े गये आरोपी का खुलासा करते एसपी देह?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिले की नानौता थाना पुलिस ने स्मैक, अफीम और डोडा सहित अन्य नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार किए हैं। ये सौदागर राजस्थान के उदयपुर से नशीले पदार्थ लाकर जिले में अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करते रहे हैं। इनके कब्जे से 200 ग्राम स्मैक, 200 ग्राम अफीम और 70 ग्राम डोडा पोस्त और ट्रक बरामद किया।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात अशोक कुमार मीणा ने गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया ऐसी जानकारी मिल रही थीं कि राजस्थान से भी नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। एक सूचना पर नानौता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, उप निरीक्षक कुंवरपाल सिंह सहित अन्य सदस्यों की टीम ने गांव जंधेड़ी के पास से गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें गंगोह थाना क्षेत्र के गांव खानपुर गुर्जर निवासी जाबिर, धलापड़ा निवासी आसिफ, सांगाठेड़ा निवासी इमरान और तीतरो क्षेत्र के गांव झाड़वन निवासी तारिक शामिल हैं। गिरोह से जुड़े बाकी सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कास्मेटिक के सामान के बीच छिपाकर लाते थे
गिरोह के सदस्य राजस्थान के उदयपुर सहित अन्य जगहों से नशीले पदार्थ लाते थे। ये लोग अक्सर हरिद्वार से कास्मेटिक का सामान ट्रक से जिले में लाते थे। इसी ट्रक में कास्मेटिक के सामान के बीच स्मैक, अफीम और डोडा पोस्त लाया जाता था। इनसे बरामद नशीले पदार्थों की कीमत 10 लाख रुपये से भी अधिक है।
गंगोह और तीतरों में ही करते थे अधिक सप्लाई
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य नशीले पदार्थों की ज्यादातर सप्लाई गंगोह और तीतरो क्षेत्र में करते थे। यहां लोकल के होने के कारण इन पर शक भी कम रहता था। इससे पहले भी जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वाले कई आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
नानौता पुलिस द्वारा नशीले पदार्थो की तस्कारी के आरोप में पकड़े गये आरोपीयो से बरामद सामान- फोटो : SAHARANPUR