पीएम ने पूछा, जैसा घर चाहिए था, वैसा मिला या नहीं
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्न महोत्सव के दौरान गांव पहांसु की कमलेश से वर्चुअल संवाद किया। पूछा कि राशन के अलावा अन्य कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, आपको जैसा घर चाहिए था, योजना में वैसा ही बना है ना।
पीएम और कमलेश के बीच हुई वार्ता
प्रधानमंत्री - क्या आपको योजना का लाभ मिल रहा है।
कमलेश - जी प्रधानमंत्री जी।
प्रधानमंत्री - कितने समय से मिल रहा है।
कमलेश - 02 महीने से।
प्रधानमंत्री - अच्छा, आपको सरकार की कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिला है।
कमलेश - आवास, शौचालय, नि:शुल्क राशन आदि।
प्रधानमंत्री - पहले कहां रहते थे।
कमलेश - पहले कच्चे मकान में रहते थे।
प्रधानमंत्री - अच्छा, अब पक्का मकान मिल गया, फिर तो मेहमान भी बहुत आते होंगे घर पर।
कमलेश - जी मेहमान भी आते हैं और अब अच्छी तरह से रहते हैं।
प्रधानमंत्री - अच्छा ये घर आप जैसा बनाना चाहते थे, वैसा बनाया है या किसी सरकारी आदमी ने आपको जैसा कहा वैसा बनाया है।
कमलेश - जी हमने अपने दिमाग से बनाया है, जो पैसा मिला था उसमें थोड़ा और मिलाकर अपनी मर्जी से बनाया है।
प्रधानमंत्री - बच्चे बड़े हो जाएंगे तो उनको भी सुविधा हो जाएगी घर में।
कमलेश - जी प्रधानमंत्री जी बच्चे बड़े हो रहे हैं और सारी सुविधाएं मिल रही हैं।
प्रधानमंत्री - कमलेश जी, आप घरेलू काम करती है तो आपके लिए ये जानना जरूरी है कि आप जैसी सभी माताओं और बहनों के लिए प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत मासिक पेंशन की योजना चल रही है। आप और आप जैसी सभी बहनें, सभी संगी साथी इस योजना से जुड़ सकते हैं। ये 60 वर्ष की आयु के बाद आपको बहुत बड़ा संबल देगी। कमलेश जी हमारी कोशिश तो यही है कि हमारे नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने में कोई दिक्कत न आए। किसी के आगे हमें विनती न करनी पड़े, हाथ फैलाना न पड़े। जो उनका हक है, उन्हें बिना किसी परेशानी के इन सारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए योगी जी की सरकार और दिल्ली में हमारी सरकार दोनों व्यापक काम रहे हैं। तो आप लोगों का आशीर्वाद बना रहे, मेरी आपको बहुत शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद करने वाली कमलेश- फोटो : SAHARANPUR
कमलेश से वर्चुअल संवाद करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- फोटो : SAHARANPUR
संवाद कार्यक्रम में मंचासीन आयुष मंत्री, विधायक, डीएम और एसएसपी- फोटो : SAHARANPUR