संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बास्केटबॉल के अंडर-13 और अंडर-19 बालक-बालिकाओं की चयन प्रतियोगिता बुधवार को जेवी जैन कॉलेज में कराई गई। इसमें जिले भर के 70 बालक और बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और फाइनल टीम का हिस्सा बनने के लिए खूब पसीना बहाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं सहारनपुर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सुशीर जोशी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखते हुए प्रतिभाग करने की अपील की। साथ ही जीवन में खेलों का महत्व और खेलों के क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाओं से अवगत कराया। इसके बाद हुई चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। संघ के संयुक्त सचिव डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ियों का चार जून तक कॉलेज में ही शिविर चलेगा, जिसमें उनकी प्रतिभा को निखारा जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान संघ सचिव रामकुमार, अचिका बंसल, शरद पंवार, विवेक मैथ्यू, बबीता, रुचि, पुष्पेंद्र, मोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।