सहारनपुर। गैस पाइपलाइन बिछा रही कंपनी के कर्मचारियों ने धोबी घाट क्षेत्र में सड़कों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है।
क्षेत्रवासी अमित, पंकज और मनोज ने बताया कि बीते कई साल से गैस पाइपलाइन बिछाने का काम उनके क्षेत्र में चल रहा है। श्री भूतेश्वर मंदिर मार्ग से लेकर तोता चौक और उसके आगे की कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछ चुकी है। उसके बावजूद कभी भी कंपनी के मजदूर सड़क खोदकर लाइन को ठीक कर ऐसे ही छोड़ देते हैं। पिछले सप्ताह धोबीघाट से जवाहर पार्क की ओर जाने वाली सड़क के कोने पर करीब सात फीट चौड़ा और करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदा गया, जिसको मिट्टी डालकर ऐसे ही भरकर छोड़ा गया है।
इसमें चौपहिया वाहनों के धंसने का खतरा बना हुआ है। अग्रवाल धर्मशाला के सामने से गुजरने वाली सड़क पर सीसी रोड की कटिंग कर तीन से चार गड्ढे ऐसे ही छोड़े हुए हैं। एक दिन ई रिक्शा का पहिया गिरने से सवारियां चोटिल होने से बचीं। कार का पहिया भी गिरने से कार को नुकसान हुआ है। हादसा न हो। इसके लिए स्थानीय लोगों ने प्लास्टिक की चादर खड़ी की हुई है।
बिना अनुमति के सड़कों को खोदा नहीं जा सकता है। साथ ही अनुमति लेकर भी यदि कोई विभाग या फर्म काम करती है तो उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह काम करने के बाद सड़क की मरम्मत करे, जिससे राहगीरों को परेशानी न हो। मामले को दिखवाया जाएगा। यदि लापरवाही बरती गई है तो संबंधित को नोटिस जारी किया जाएगा।
एसपी मिश्रा, मुख्य अभियंता निर्माण विभाग, नगर निगम।