सरसावा के गदरहेड़ी में एसओ का घेराव करते ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
Saharanpur Murder Case: सहारनपुर में गांव गदरहेड़ी के मोनू हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पूर्व सैनिक वरुण की निशानदेही पर उसकी दुकान से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, चार कारतूस और मैगजीन बरामद की है। पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दो आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसएसपी डॉक्टर विपिन ताडा ने बताया कि बाइक निकालने को लेकर हुए विवाद में मंगलवार की शाम थाना सरसावा के गांव गदरहेड़ी में सेठपाल और उसके पुत्र मोनू को गांव में ही रहने वाले पूर्व सैनिक वरुण ने लाइसेंसी पिस्टल से अपने साथी बाबू, टिंकू, मुकुल, रजनीश, सुमित पुत्र शिवचरण और सुमित पुत्र मदन के साथ मिलकर गोली मार दी थी, जिसमें मोनू की मौत हो गई थी। पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद वरुण और बाबू को गिरफ्तार किया था। पैर में गोली लगने से वरुण व बाबू घायल हुए थे।
एसएसपी ने बताया कि वरुण की निशानदेही पर गुरुवार को घटना में प्रयुक्त पिस्टल, चार कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई है। वरुण सरसावा में हेल्थ सप्लीमेंट की दुकान करता है। आरोपी ने दुकान में ही पिस्टल छिपा रखी थी। आरोपी वरुण पूर्व सैनिक है और उसने लाइसेंस लेने के बाद जम्मू-कश्मीर से पिस्टल खरीदी थी। एसएसपी का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।