बुखार का प्रकोप होने के बावजूद नहीं ली जा रही सुध
पीएचसी और ब्लाॅक कार्यालय के पास भी लगे हैं कूड़े के ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
छुटमलपुर। विकासखंड की सौ ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान को क्रियान्वित करने का जिम्मा उठाने वाले ब्लाॅक मुख्यालय मुजफ्फराबाद में ही गंदगी के अंबार लगे हैं। यहां जगह जगह पड़े कूड़े के ढेर लोगों की परेशानी का सबब बन गए हैं। पंचायत में दस लाख रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण संयंत्र की स्थापना तो कर दी गई, लेकिन अभी इसे चालू नहीं किया जा सका है।
मुजफ्फराबाद बस स्टैंड से ब्लाॅक मुख्यालय परिसर तक जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इनमें बस स्टैंड पर म्हाड़ी के पास, तालाब के पास पुलिया पर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ठीक सामने, पशु चिकित्सालय के पास और भूमि संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र के पास कूड़े के अंबार लगे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने का कूड़ा संग्रह स्थल तो ब्लॉक मुख्यालय की दीवार से सटा है। पशु चिकित्सालय के समीप स्थित राजकीय कृषि निवेश केंद्र के जर्जर भवन को कूड़ा संग्रह स्थल में तब्दील कर दिया गया है। वर्षों से यहां कूड़ा डाला जा रहा है, लेकिन उसके निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है, जिस कारण आसपास बदबू फैल रही है। यहां से राह गुजरना भी दुश्वार है। फिलहाल बुखार का प्रकोप भी फैला है। ग्रामीणों विकास कुमार, विजयपाल सिंह और आजाद आदि का कहना है कि गांव में जगह-जगह गंदगी होने के कारण सांस लेना भी कठिन हो रहा है।
हैरत की बात यह है कि ब्लाॅक स्तरीय अधिकारी जहां रोज इन कूड़े के ढेरों के पास से गुजरते हैं, वहीं जिला और मंडल स्तरीय अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान इसी रास्ते से ब्लाॅक मुख्यालय पहुंचते हैं। बावजूद इसके किसी ने भी विकराल हो चुकी इस समस्या के निस्तारण में रुचि नहीं ली।
-
दस लाख की लागत से बना अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र चालू नहीं
ग्राम पंचायत में दस लाख रुपये की लागत से ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का निर्माण किया गया है, लेकिन अभी तक यह चालू नहीं हो सका है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौलवी शमीम अहमद ने बताया कि जल्द ही इसे चालू करा समस्या का स्थायी हल निकाला जाएगा। उधर, पंचायत सचिव संजय कांबोज का कहना है कि वह नियमित रूप से गांव से कूड़ा उठवा कर एक जगह इकट्ठा करा रहे हैं।