- एसबीडी जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों को दो महीने से नहीं मिला मानदेय
- वार्डों में फैली गंदगी, डस्टबिन से नहीं उठा कूड़ा, संक्रमण फैलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में दो महीने से मानदेय न मिलने से नाराज संविदा सफाईकर्मियों ने रविवार को हड़ताल कर दी। इसके चलते अस्पताल में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए। वार्डों में रखे डस्टबिन से मेडिकल वेस्ट नहीं उठने के कारण गंदगी फैली रही। मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा बना रहा और उन्हें परेशानी भी हुई।
जिला अस्पताल में सफाई का ठेका निजी कार्यदायी संस्था को दिया गया है। संस्था की ओर से करीब 45 सफाईकर्मी कार्यरत हैं। रविवार को ड्यूटी पर पहुंचे सफाईकर्मियों ने यह कहते हुए काम करने से मना कर दिया कि उन्हें दो माह का मानदेय नहीं मिला है और हड़ताल कर दी। प्रमुख अधीक्षक कक्ष के बाहर बैठकर प्रदर्शन किया। सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण अस्पताल में कई स्थानों पर गंदगी के ढेर लग गए। वार्डों में गंदगी फैली रही। इमरजेंसी वार्ड में डस्टबिन से मेडिकल वेस्ट नहीं उठाया गया। नालियों की सफाई नहीं हुई। इसके अलावा रैन बसेरे में बेड पर लगाई ग्लूकोज की ड्रिप भी नहीं उतारी गई। वार्डों की सफाई नहीं होने से मरीजों को खासी परेशानी हुई। इससे संक्रामक रोगों का खतरा बना हुआ है।
प्रमुख अधीक्षक ने उठाई जिम्मेदारी, कराई सफाई
सफाईकर्मियों की हड़ताल से अस्पताल में सफाई व्यवस्था चरमराई। ओपीडी से लेकर वार्डों में दोपहर तक सफाई नहीं हुई। सफाईकर्मियों के नहीं मानने पर प्रमुख अधीक्षक ने जिम्मेदारी उठाई। इसके बाद अपने स्तर से ही वार्डों में रखे डस्टबिन को खाली कराया ताकि इलाज कराने आने वाले मरीजों को परेशानी न हो।
क्या बोले सफाईकर्मी
सुपरवाइजर राजकुमार, राजेश, सफाईकर्मी आकाश, विजय, जसबीर, नवीन, पीयूष, प्रदीप, रेशमा, अंशु, रहमानी, इकराम, पूनम, सुषमा, बबीता, सुनीता ने मई व जून माह का मानदेय नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। बिना मानदेय बच्चों की फीस भी नहीं दे पा रहे हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक मानदेय जारी नहीं हुआ है। जुलाई भी खत्म होने को है।
वर्जन
लखनऊ से पोर्टल में दिक्कत है, जिस कारण मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है। सफाई कर्मियों को काफी समझाया गया। उन्हें यह भी बताया कि स्थानीय स्तर से मानदेय नहीं रुका हुआ है। जैसे ही पोर्टल ठीक हो जाएगा। मानदेय जारी कर दिया जाएगा। - डॉ. रविप्रकाश, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल