चिलकाना। पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने सरकारी यूरिया खाद की कालाबाजारी का पर्दाफाश किया है। टीम ने एक पिकअप से 82 बोरी यूरिया बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि उपनिरीक्षक सतीश कुमार, जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार मावी, वरिष्ठ प्रविधिक सहायक ग्रुप-ए राजबीर सिंह, प्रधान सहायक धर्मेश कुमार और वरिष्ठ सहायक एवं सुरक्षा सहायक अंकित कुमार टीम के साथ चिलकाना शाहजहांपुर मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर पिकअप से कृभको कंपनी की 82 बोरी यूरिया बरामद हुईं।
पिकअप चालक मेहरबान निवासी नौगांव, थाना मिर्जापुर ने बताया कि यूरिया की बोरियां थाना बेहट क्षेत्र के ग्राम रूहालका स्थित किसान सेवा केंद्र से अपने साथियों के कहने पर भरी थी। उन्होंने उसे यह नहीं बताया था कि यह बोरी कहां ले जानी है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए पिकअप चालक के खिलाफ धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।