सहारनपुर। सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार की गई एक कथित पोस्ट ने शनिवार को क्षेत्र की राजनीति में हलचल मचा दी। पोस्ट में भाजपा के पूर्व विधायक नरेश सैनी को लेकर यह दावा किया गया कि उन्होंने भाजपा छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थाम लिया है। पोस्ट में उनके फोटो को भी एडिट कर बसपा सुप्रीमो से आशीर्वाद लेते हुए दिखाया गया। हालांकि पूरे मामले को लेकर पूर्व विधायक की तरफ से छवि धूमिल करने वाले के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी है।
शनिवार सुबह यह पोस्ट फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित होने लगी। पोस्ट में लिखा गया कि सहारनपुर में बसपा ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है और बेहट से पूर्व विधायक नरेश सैनी अब हाथी पर सवार हो गए हैं। इसके चलते भाजपा और बसपा दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा और भ्रम की स्थिति बन गई। पता चलते ही पूर्व विधायक नरेश सैनी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट डाली।
उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही पोस्ट पूरी तरह फर्जी है और एआई तकनीक के माध्यम से तैयार की गई है। इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और आगे भी पार्टी के साथ पूरी निष्ठा से जुड़े रहेंगे। पूर्व विधायक ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत संबंधित पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी एआई के माध्यम से यह फर्जी पोस्ट तैयार कर वायरल की है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।